रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : रंगदारी और मारपीट के एक मामले में डायमंड हार्बर पुलिस जिला के अंतर्गत नोदाखाली थाने की पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया है। वह विवादों में रहे तृणमूल नेता जहांगीर का करीबी बताया जाता है। अभियुक्त का नाम शेख बापी है। वह नोदाखाली के बावली क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ रंगदारी मांगने तथा एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शुक्रवार को जब पुलिस आरोपित को मेडिकल जांच और अदालत में पेशी के लिए ले जा रही थी, तब थाने और अदालत परिसर के आसपास मौजूद लोगों ने उसके खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इस घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा है। अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। तृणमूल नेता जहांगीर के करीबी की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों को राहत मिली है और भय का माहौल काफी हद तक कम हुआ है।