‘भाजपा की बी-टीम रही TMC’, ऋतब्रत ने ममता को घेरा

अनुच्छेद 370 से धनखड़ तक कई मुद्दों पर समर्थन का आरोप
ऋतब्रत बनर्जी
ऋतब्रत बनर्जी
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के बागी विधायक एवं विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी पर संसद में भाजपा के साथ खड़े होने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि संसद में रहते हुए उन्होंने खुद देखा कि कभी वॉकआउट और कभी बीमारी का बहाना बनाकर तृणमूल ने कई अहम मुद्दों पर भाजपा को लाभ पहुंचाया।

ऋतब्रत ने विशेष रूप से अनुच्छेद 370 और तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की भूमिका निभाने का दावा करने वाली तृणमूल कई मौकों पर भाजपा के साथ खड़ी नजर आयी। हालांकि, ऋतब्रत ने स्पष्ट किया कि उनका गुट ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा, जिससे भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंचे।

हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए ऋतब्रत ने कहा कि संख्या भले ही कम है, लेकिन उनका गुट सदन में मजबूती से विपक्ष की भूमिका निभाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कालीघाट खेमा राजनीतिक मुकाबले के बजाय लगातार कानूनी अड़चनें पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

डिविजन बेंच के फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अदालत ने स्थगन देने से इनकार कर दिया है। ऋतब्रत ने कहा कि जनता के वोट से चुनी सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से ही होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि उनका गुट निर्वाचन आयोग को सभी जरूरी दस्तावेज सौंप चुका है और अब आयोग के फैसले का इंतजार है। उन्होंने दावा किया कि संगठन अपनी राजनीतिक गतिविधियों को नियम और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in