

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर : दुर्गा पूजा को लेकर डायमंड हार्बर पुलिस जिला पूरी तरह तैयार है। इस बार पूजा के दौरान 1200 से अधिक पुलिसकर्मी विभिन्न पूजा पंडालों की निगरानी करने और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, लगभग 3500 सिविक वॉलेंटियर और होम गार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे। यह जानकारी डायमंड हार्बर पुलिस के एसपी बिशप सरकार ने संवाददाता सम्मेलन में दी। एसपी ने बताया कि इस बार जिले में कुल 2100 पूजा पंडालों को पुलिस की अनुमति दी गयी है। कई पंडाल बड़े बजट के हैं, जहां भारी भीड़ होने की संभावना है। महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए 'विनर्स टीम' और महिला थानों की अधिकारी/इंस्पेक्टर को विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया है ताकि ईव-टीजिंग जैसी घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा सके। बच्चों को ‘आई-केयर कार्ड’ वितरित किए जा रहे हैं, जिससे वे भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ने पर पहचान में आ सकें। पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जाएगी। किसी भी प्रकार की समस्या के लिए जिला कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
पूरे जिले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। तीन ड्रोन से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाएगी। ट्रांसपोर्ट विभाग की ओर से सहायता प्राप्त हुई है। हर थाना क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगे। 'विनर्स स्क्वाड' की महिला स्पेशल टीम भी सक्रिय रहेगी।
ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के विशेष उपाय
23 स्थानों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किये गये हैं जबकि 12 होल्डिंग प्वाइंट बनाए गए हैं जहां 500 वाहनों की नियंत्रित किया जा सकेगा,14 डायवर्शन प्वाइंट तय किए गए हैं ,कई स्थानों पर नए ट्रैफिक बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। दुर्घटनाओं से बचने के लिए फीडर रोड पर विशेष व्यवस्था की गई है। इंडस्ट्रियल ज़ोन अंतर्गत महेशतल्ला और बजबज क्षेत्रों में भीड़ की अधिकता को देखते हुए 40 राजपत्रित अधिकारी तैनात किए गए हैं। बाहर से एक एएसपी और डीएसपी भी मौजूद रहेंगे। क्यूआरटी टीम को दो भागों में बांटा गया है। सुरक्षा ऑडिट और डीजे पर रोक लगाई गई है। ज्वलनशील पदार्थों के संबंध में 'संयुक्त सुरक्षा ऑडिट' किया जा रहा है। किसी भी डीजे बॉक्स को अनुमति नहीं दी गयी है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बेहतर मॉनिटरिंग और तत्काल निर्णय लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय फील्ड में रहेंगे।