टेस्ट ड्राइव के बहाने ''KTM'' बाइक लेकर फरार हुआ जालसाज

OLX पर बाइक बेचने के नाम पर ठगी, बेनियापुकुर थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : बेनियापुकुर थाना क्षेत्र में पुरानी गाड़ियां बेचने वाले प्लेटफॉर्म ''OLX'' के जरिए धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक जालसाज ने खुद को फाइनेंस कंपनी का स्टाफ बताकर एक युवक को झांसे में लिया और टेस्ट ड्राइव के बहाने उसकी कीमती केटीएम बाइक लेकर चंपत हो गया। पीड़ित की शिकायत पर बेनियापुकुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, पंचाननतला रोड के रहने वाले अभिजीत सरकार ने कुछ समय पहले ईएमआई पर एक बाइक खरीदी थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह बाइक की किस्तें नहीं चुका पा रहा था। लोन चुकाने के लिए उसने अपने दोस्त के OLX अकाउंट से बाइक बेचने का विज्ञापन डाला। विज्ञापन देखने के बाद सैफ नाम के एक व्यक्ति ने पीड़ित के दोस्त को फोन किया और बाइक खरीदने की इच्छा जताई। अभिजीत ने उसे अपने इलाके में आकर बाइक देखने को कहा, लेकिन सैफ ने दबाव बनाकर उसे पार्क सर्कस के ''सेवन पॉइंट'' के पास ''आहान मोटर्स'' के सामने बुलाया। सैफ ने दावा किया कि वहां उसका ऑफिस है।

अभिजीत जब अपनी बाइक लेकर वहां पहुंचा, तो सैफ के पास एक काले रंग की बाइक से तीन-चार अन्य लोग भी पहुंचे। उन लोगों ने खुद को ''बजाज फाइनेंस'' का कर्मचारी और सैफ का स्टाफ बताया। विश्वास जीतने के लिए उन्होंने अभिजीत की बाइक की पिछली सीट भी खोलकर देखी। इसके बाद सैफ ने टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक की चाबी ली और रफूचक्कर हो गया। काफी देर तक जब सैफ नहीं लौटा, तो अभिजीत ने उससे संपर्क किया। आरोपी उसे लगातार फोन पर झूठा आश्वासन देता रहा कि वह बाइक लौटा देगा। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पीड़ित के दोस्त को फोन पर धमकी देते हुए कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की या मामले को आगे बढ़ाया, तो वे उसे भारी नुकसान पहुंचाएंगे। परेशान होकर पीड़ित ने बेनियापुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in