

कोलकाता : महानगर में बीच सड़क से एक युवती का अपहरण कर चलती कार में उसके साथ छेड़छ़ाड़ करने का आरोप कुछ युवकों पर लगा है। घटना कसबा थानांतर्गत जहाजबाड़ी इलाके की है। आरोप है कि अभियुक्तों ने छेड़छाड़ करने के बाद युवती को आनंदपुर इलाके में कार से उतार दिया और फरार हो गये। घटना के बाद पीड़िता ने कसबा थाने में अभियुक्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। घटना के बाद मामले की जांच करते हुए पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के नाम आकाश सिंह, आदित्य गिरि और राहुल साव हैं। तीनों को कसबा के कालिकापुर मेन रोड से पकड़ा गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात पीड़िता अपनी मौसी के घर से अपने घर लौट रही थी। उसने एक कैब किराए पर ली थी और कसबा के जहाज बाड़ी इलाके में वह कैब से उतरी थी। आरोप है कि उसी समय स्थानीय युवक आकाश सिंह और साथियों ने उसे आवाज दी। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही युवती का अपहरण कर लिया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। चलती गाड़ी में ही युवती के साथ यौन उत्पीड़न किया गया।
पीड़िता ने बताया कि उत्पीड़न के बाद उसे आनंदपुर इलाके में गाड़ी से उतार दिया गया और फोन लौटा दिया गया। इसके बाद उसने अपने दोस्त को फोन कर पूरी घटना बताई। बीमार महसूस होने पर वह दोस्त के घर गई और बाद में कसबा थाने में युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ की लिखित शिकायत दर्ज करायी । मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर, यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद आरोपियों के गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप स्थानीय निवासियों और पीड़िता के परिवार पर लगा है। पूरी घटना की जांच कसबा थाने की पुलिस ने शुरू कर दी है।