प्रेसिडेंसी जेल में आफताब अंसारी के सेल से आईफोन सहित तीन मोबाइल बरामद

वाईफाई राउटर और 31 हजार रुपये भी जब्त
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : प्रेसिडेंसी जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कुख्यात अपराधी आफताब अहमद अंसारी के सेल से तीन स्मार्टफोन, वाई-फाई डिवाइस, पेन ड्राइव और 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त की शाम प्रेसिडेंसी जेल प्रशासन और राज्य सुधारात्मक सेवाओं के डीआईजी, दमदम की संयुक्त टीम ने जेल परिसर में औचक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सेल नंबर 14 में बंद आफताब अंसारी के पास से कई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद हुई।

तलाशी में क्या-क्या मिला

जेल अधिकारियों के अनुसार बरामद सामान में दो स्मार्टफोन और एक एप्पल आईफोन शामिल हैं। इन मोबाइल फोन में अलग-अलग सिम कार्ड लगे हुए थे। इसके अलावा दो वाई-फाई राउटर, एक हॉटस्पॉट डिवाइस, 31 हजार रुपये नकद, वायरलेस ईयरबड्स, दो कार्ड रीडर, 128 जीबी की पेन ड्राइव और ओटीजी एडाप्टर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेसिडेंसी जेल के मुख्य नियंत्रक ने हेस्टिंग्स थाने के प्रभारी को पत्र लिखकर आफताब अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि जेल के सुरक्षित सेल तक मोबाइल फोन, इंटरनेट से जुड़े उपकरण, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कैसे पहुंची। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन प्रतिबंधित सामानों को जेल के भीतर पहुंचाने में किसी बाहरी व्यक्ति या जेलकर्मी की भूमिका तो नहीं रही। मामले की जांच के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी प्रक्रिया की भी पड़ताल की जा रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in