

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता में डिलीवरी के नाम पर 28 महंगे मोबाइल फोन हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले की जांच करते हुए न्यू अलीपुर थाना पुलिस ने तीन मोबाइल कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपित डिलीवरी ब्वॉय फरार बताया जा रहा है। अभियुक्तों के नाम विशाल गुप्ता, सुदीप्त मंडल और सर्वेश राय हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक ई-कॉमर्स कंपनी ने 28 ग्राहकों के घर महंगे मोबाइल फोन पहुंचाने की तैयारी की थी। इसके लिए एक कूरियर कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई। कूरियर कंपनी ने अपने एक डिलीवरी कर्मी को मोबाइल सौंपे, लेकिन ग्राहकों की ओर से शिकायत मिलने लगी कि उन्हें कोई पार्सल नहीं मिला। जांच में कूरियर कंपनी को पता चला कि संबंधित डिलीवरी ब्वॉय लापता है। आशंका है कि उसने पार्सल खोलकर मोबाइल फोन हड़प लिए। इसके बाद मामले की शिकायत न्यू अलीपुर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस जांच के दौरान यह पता चला कि चोरी हुए मोबाइल सक्रिय हो चुके हैं। पुलिस ने संबंधित उपयोगकर्ताओं को मोबाइल सहित थाने बुलाया। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने ये मोबाइल स्थानीय दुकानों से खरीदे थे और उन्हें वैध बिल भी दिया गया था। पुलिस ने नए खरीदारों से चोरी के मोबाइल बरामद किए और जिन दुकानों से ये मोबाइल बेचे गए थे, वहां छापेमारी की। पुलिस का दावा है कि दुकानदारों ने जानबूझकर कम कीमत पर चोरी के मोबाइल खरीदे और उन्हें ग्राहकों को बेच दिया।
इसी आधार पर पुलिस ने तीन दुकानदारों विशाल, सुदीप्त और सर्वेश को गिरफ्तार किया। उनके पास से 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बाकी मोबाइल की तलाश जारी है। घटना के बाद से कूरियर कंपनी का डिलीवरी बॉय फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।