हेस्टिंग्स में नाका चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी पर हमला

बाइक छोड़कर भागे आरोपी, तीन गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हेस्टिंग्स थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेंट जॉर्ज गेट रोड पर नाका चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक गार्ड के एक पुलिसकर्मी पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम शेख तारिक हुसैन, अमन कुमार साव और मुर्शरफ हुसैन हैं।

क्या है पूरी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यासागर सेतु ट्रैफिक गार्ड के सार्जेंट चिन्मय महंता 28 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 9:45 बजे हेस्टिंग्स क्रॉसिंग के पास नाका चेकिंग प्वाइंट पर अपनी सरकारी ड्यूटी निभा रहे थे। उसी समय एक बिना हेलमेट पहने, तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार होकर गुजरे। जब पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बाइक सवार और तेजी से भागने की कोशिश करने लगे, जिससे उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी। आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

15 मिनट बाद लौटे आरोपी, पुलिसकर्मियों से की हाथापाई

घटना के लगभग 15 मिनट बाद, तीन व्यक्ति शेख तारिक हुसैन, अमन कुमार साव और मुर्शरफ हुसैन वहां पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी और जबरन छोड़ी गई मोटरसाइकिल को ले जाने की कोशिश करने लगे। जब पुलिस ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। ड्यूटी पर मौजूद होने के बावजूद सार्जेंट के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस झड़प में सार्जेंट चिन्मय महंता के बाएं हाथ में चोट आई और उनकी वर्दी भी फट गई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। कुछ ही मिनटों में हेस्टिंग्स थाने और ट्रैफिक गार्ड से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। गुरुवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 31 अक्टूबर तक जेल हिरासत में भेज दिया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News