'यह पुलिस बजट नहीं, टीएमसी बजट था'

पुलिस बजट पर टीएमसी का हमला
File photo
File photo
Published on

कोलकाता : बंगाल विधानसभा में पुलिस बजट पर चर्चा के दौरान तृणमूल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के संबोधन पर तीखा हमला बोला। पार्टी विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि पुलिस बजट पर तथ्यात्मक चर्चा करने के बजाय मुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक मंच बना दिया और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा।

कुणाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट पर कम और तृणमूल कांग्रेस पर अधिक बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने तृणमूल प्रमुख और सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी टिप्पणी की, जबकि अभिषेक इस सदन के सदस्य नहीं हैं। घोष ने कहा कि यदि उनका नाम लिया गया है तो उन्हें भी सदन में बुलाकर जवाब देने का अवसर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री का भाषण राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित था। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी भ्रष्टाचार की जांच करनी है तो सरकार निष्पक्ष जांच कराए, लेकिन "अच्छे तृणमूल" जैसी कोई राजनीति नहीं चल रही है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा उठाते हुए कुणाल घोष ने कहा कि पिछले दो महीनों में राज्य में महिला उत्पीड़न की घटनाएं गंभीर रही हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार का अत्याचार स्वीकार्य नहीं है और अपराधियों को किसी तरह की छूट नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस से कानून के दायरे में काम करने की अपील करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मुठभेड़ जैसी कार्रवाई होती है तो उसकी भी कानूनी जांच होनी चाहिए और कानून सब पर समान रूप से लागू होना चाहिए, यहां तक कि मुख्यमंत्री भी कानून से ऊपर नहीं हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in