

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में 21.63 लाख रुपये मूल्य के कीमती रत्न की कथित ठगी कर फरार हुए एक आरोपी को दिल्ली पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात 30 जून को दिल्ली के पहाड़गंज थाना क्षेत्र स्थित एक डेरे में हुई थी। आरोप है कि राजा चौधरी कीमती रत्न देखने के बहाने वहां पहुंचा और मौका पाकर करीब 21.63 लाख रुपये मूल्य के रत्न लेकर फरार हो गया। घटना के बाद वह कोलकाता के मोचीपाड़ा थाना क्षेत्र में आकर छिपा हुआ था। जांच के दौरान पहाड़गंज थाना पुलिस को आरोपी के कोलकाता में होने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मोचीपाड़ा इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने हेतु ट्रांजिट रिमांड की मांग की। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए आरोपी को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली पुलिस के हवाले करने का आदेश दिया। पुलिस अब अभियुक्त से पूछताछ कर चोरी गए कीमती रत्नों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।