

कोलकाता : वाटगंज थाना क्षेत्र के मानशातला लेन से एक युवक का कीमती लैपटॉप और बैग चोरी हो गया है। इस घटना का शिकार हुए युवक मोहम्मद नेहाल खान (24) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 21 सितंबर 2025 की शाम लगभग 7:30 बजे की है, जब मोहम्मद नेहाल खान अपने काले रंग के ‘वाइल्ड क्राफ्ट’ कंपनी के बैग को एक मोटरसाइकिल के ऊपर रखा था। बैग में उनका एचपी कंपनी का लैपटॉप था।
उस समय मोहम्मद पास ही स्थित स्मार्ट बाजार के निकट पानी की बोतल खरीदने के लिए गए थे, जो डायमंड हार्बर रोड और मानशातला लेन के चौराहे पर स्थित है। लगभग 15 मिनट बाद, जब वे वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनका बैग मोटरसाइकिल पर नहीं था। उन्होंने आसपास के इलाके में बैग की खोज की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन बैग और लैपटॉप का कोई पता नहीं चल सका।
मोहम्मद नेहाल खान का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके कीमती बैग और लैपटॉप की चोरी की है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्परता से जांच करने और अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
वाटगंज थाना पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लिया है और फिलहाल जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, जिससे आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए पूछताछ कर रही है।
यह चोरी की घटना इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द दोषी को पकड़ कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस भी इस बात का भरोसा दे रही है कि वे जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर कानून के हवाले करेंगे।