

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बहूबाजार थाना क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट कंपनी के ऑफिस के लॉकर से करीब 84 लाख रुपये मूल्य के सोने के सिक्के चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम शिवनाथ चौधरी बताया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को उसे बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 29 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले बहूबाजार के चांदनी चौक इलाके में स्थित एक निजी कंपनी के लॉकर से अचानक 80 सोने के सिक्के गायब हो गए थे। सूत्रों के मुताबिक, गायब हुए प्रत्येक सोने के सिक्के का वजन 8 ग्राम था, जिनका कुल वजन 640 ग्राम और बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 84 लाख रुपये है। लॉकर से इतनी बड़ी तादाद में सिक्के गायब देखकर कंपनी प्रबंधन ने बहूबाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवनाथ चौधरी को दबोच लिया।
मंगलवार को आरोपी को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील प्रतिम भट्टाचार्य और शुभ बसु ने जमानत याचिका दायर की। वहीं, सरकारी वकील ने वारदात की गहन जांच और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर चोरी गए सोने के सिक्कों को बरामद करने की कोशिश कर रही है।