स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास में चोरी

गिरीश पार्क थाने की पुलिस जांच में जुटी पुलिस
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गिरीश पार्क थाना इलाके के शिमला स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रामकृष्ण मठ और मिशन के इस प्रतिष्ठित शाखा केंद्र के प्रार्थना गृह (प्रेयर हॉल) से कुछ पंखे और कीमती कुर्सियों सहित कई सामान चोरी हो गए हैं। मिशन अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की टीम इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि म्यूजियम में रखी दुर्लभ और ऐतिहासिक वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं या नहीं। मठ के सचिव स्वामी ज्ञानलोकानंद ने बताया कि बुधवार को ही इस घटना के संबंध में गिरीश पार्क थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आश्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

बैनर लगाने के बहाने आया था चोर

मठ और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मठ परिसर में दाखिल हुआ। उसने वहां मौजूद सेवादारों को बताया कि वह स्थानीय विधायक के निर्देश पर रथयात्रा के उपलक्ष्य में मठ की बाहरी दीवारों पर कुछ बैनर टांगने आया है। इस पर मठ के अधिकारियों ने उससे कहा कि वे पहले बैनर पर लिखे संदेश को देखेंगे, उसके बाद ही परिसर में बैनर लगाने का फैसला लिया जाएगा। इसके बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया। उसके जाने के कुछ ही देर बाद जब सेवादार प्रार्थना गृह में गए, तो उन्हें वहां से कीमती सामान गायब मिले। जब मठ के सीसीटीवी की फुटेज की जांच की गई, तो सुरक्षा अधिकारी हैरान रह गए। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि जो व्यक्ति बैनर लगाने की बात करने आया था, वही मठ के भीतर से कुर्सियां और अन्य सामान उठाकर रफूचक्कर हो रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in