

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर के व्यस्ततम व्यापारिक इलाके बड़ाबाजार में एक बार फिर चलती बस में चोरी की वारदात सामने आई है। एक अज्ञात जेबकतरे ने एक महिला के बैग से 9,500 रुपये की नकदी उड़ा ली। घटना के संबंध में पीड़िता के पति द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर बड़ाबाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जादवपुर के कालीबाड़ी लेन निवासी विश्वनाथ भट्टाचार्य (64 वर्ष) ने इस चोरी के संबंध में बड़ाबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, घटना 3 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:45 बजे की है। विश्वनाथ भट्टाचार्य की पत्नी देवहूति भट्टाचार्य (53 वर्ष) बड़ाबाजार में महात्मा गांधी रोड के पास एक निजी बस में सफर कर रही थीं। इसी दौरान बस में सवार किसी अज्ञात शातिर चोर ने उनके पास मौजूद बैग को निशाना बनाया और बैग के अंदर रखे 9,500 रुपये नकद चुरा लिए। चोरी गए पैसों में 500-500 रुपये के 19 नोट शामिल थे। बस से उतरने के बाद जब पीड़िता को नकदी गायब होने का अहसास हुआ, तो हड़कंप मच गया।पुलिस बस रूट और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अज्ञात आरोपी की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।