

कोलकाता : श्यामपुकुर थाना क्षेत्र के बागबाजार स्थित मारहाट्टा डिच लेन में एक बुजुर्ग के घर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने 66 वर्षीय बुलगानी शॉ के घर से करीब पांच लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना को लेकर श्यामपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
आधी रात के बाद घर में घुसे चोर
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चोरी की वारदात रात करीब 12 बजे से 1:20 बजे के बीच हुई। सुबह लगभग 4:30 बजे नींद खुलने पर बुजुर्ग को घर में चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
नकदी और जेवरात पर किया हाथ साफ
शिकायत के मुताबिक चोर घर की अलमारी समेत अन्य स्थानों से कीमती सामान ले गए। चोरी गए सामान में पांच लाख रुपये नकद, चार सोने की चूड़ियां, प्रत्येक करीब 10 ग्राम , दो सोने की अंगूठियां, जिनका वजन करीब 6 और 12 ग्राम है, दो चांदी की पायल, प्रत्येक करीब 500 ग्राम, एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद श्यामपुकुर थाने के सब-इंस्पेक्टर पी. महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ इलाके के संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।