

कोलकाता : सत्ता से बाहर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस में जारी टूट और बागी खेमे की सक्रियता के बीच बुधवार को दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल कांग्रेस के कर्मी सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने ममता बनर्जी खेमे में नया उत्साह भर दिया।
महाराष्ट्र निवास में आयोजित इस सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी स्वयं उपस्थित नहीं हो सकीं, लेकिन उन्होंने रिकॉर्डेड वॉयस मैसेज के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने संदेश में ममता बनर्जी ने कहा, "हमने पहले भी संघर्ष किया है, अभी भी कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। भाजपा के सामने हम कभी सिर नहीं झुकाएंगे।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक चुनौतियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है और तृणमूल कांग्रेस जनता की ताकत के बल पर फिर मजबूती के साथ खड़ी होगी। दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित इस मेगा सम्मेलन का नेतृत्व चंद्रिमा भट्टाचार्य और वैश्वानर चटर्जी ने किया।
कार्यक्रम में कुणाल घोष, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, मदन मित्र सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी में टूट और बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के अलग गुट बनाने के बावजूद सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को ममता खेमे के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।