

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गायत्री फाउंडेशन की ओर से आध्यात्मिक नाटक ‘नारायणी – शक्ति के पुनर्जन्म की एक आध्यात्मिक गाथा’ का दूसरा मंचन 27 नवंबर को बिड़ला सभागार में आयोजित होगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाली इस लगभग 90 मिनट की प्रस्तुति के निर्देशक, पटकथा लेखक एवं अभिनेता पलाश चतुर्वेदी हैं।
इससे पहले 19 अप्रैल को ज्ञान मंच में इसका प्रथम मंचन हुआ था। कविता पाटोदिया की परिकल्पना पर आधारित यह नाटक राजस्थान के झुंझुनू स्थित श्री राणी सती दादी जी के मंदिर और उनके मंगल पाठ से प्रेरित है। इसमें धार्मिक आस्था, नारी शक्ति और आध्यात्मिक चेतना को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया गया है।
नाटक में आलोकवर्षा बोस नारायणी, युवराज सुराणा तनधन, रहीम पीरानी नवाब, जाहिद हुसैन राणा, राजेश शिंदे कृष्ण एवं घनश्याम जी, कविता पाटोदिया सेठानी जी, प्रत्यूष तिवारी नवाब के पुत्र, पलाश चतुर्वेदी अभिमन्यु तथा स्वाति शर्मा उत्तरा की भूमिका निभाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, नाटक के टिकट BookMyShow पर उपलब्ध हैं। गायत्री फाउंडेशन ने शहरवासियों से परिवार सहित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लेने की अपील की है।