मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पिलखाना इलाके में बुधवार तड़के एक युवक की पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय शफीक (सौफिक) खान के रूप में हुई है, जो इलाके में प्रॉपर्टी प्रमोटर के तौर पर कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रमजान माह के चलते शफीक सुबह घर से निकला था। उसी दौरान पिलखाना में चाय की दुकान के पास दो युवक उनसे बातचीत कर रहे थे। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में देखा गया कि बातचीत के दौरान अचानक दोनों आरोपितों ने आग्नेयास्त्र निकालकर शफीक के सिर और सीने पर करीब से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रमोटरी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि आरोपितों ने पैसे की मांग की थी और न देने पर हत्या कर दी। शफीक के भाई जाहिद खान ने कहा कि हारुन खान और रोहित नामक दो स्थानीय युवक, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं, ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सुबह करीब 5 बजे सीपी आकाश मघारिया मौके पर पहुंचें। इसके बाद डीसी नार्थ अमलानकुसुम घोष, तौफिक समेत गोलाबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आयुक्त आकाश मघारिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के विवाद की बात सामने आई है। वारदात की सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। सभी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इससे आरोपियों को शिनाख्त कर ली गयी है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं इस घटना के बाद इलाके के विधायक गौतम चौधरी हावड़ा 16 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद मोहम्मद रुस्तम खान के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं विधायक को देखते ही इलाके के लोगों ने अवरोध शुरू कर दिया। गौतम चौधरी ने कहा कि दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर इस तरह की घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज हत्या से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।