राज्यपाल ने साल्टलेक सांस्कृतिक संसद के दुर्गापूजा पंडाल का किया उद्घाटन

‘राम की अयोध्या’ थीम पर सजा पंडाल, 20 अक्टूबर को रावण दहन में शामिल होंगे रणबीर कपूर और ‘रामायण’ की टीम
Kolkata
राज्यपाल ने साल्टलेक सांस्कृतिक संसद के दुर्गापूजा पंडाल का किया उद्घाटन
Published on: 

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि ने गुरुवार को साल्टलेक के सेंट्रल पार्क में साल्टलेक सांस्कृतिक संसद के पहले दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर मामलों एवं शहरी विकास राज्य मंत्री उमेश राय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री शरद्वत मुखर्जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस वर्ष पंडाल की थीम ‘राम की अयोध्या’ रखी गई है। श्याम स्टील और मैकाव पेंट्स के निदेशक तथा संस्था के ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष ललित बेरिवाला की परिकल्पना पर आधारित इस आयोजन में भगवान राम की भव्य प्रतिमा के साथ 3डी लाइट एनिमेशन और वीडियो प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।

संस्था के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह उसकी पहली दुर्गापूजा है। साथ ही, इस वर्ष दशहरा उत्सव का 14वां आयोजन भी किया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य दुर्गापूजा और रामायण की सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करना है।

छह दिवसीय उत्सव का समापन 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा समारोह और रावण दहन के साथ होगा। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में अभिनेता रणबीर कपूर और आगामी फिल्म ‘रामायण’ की टीम के शामिल होने की उम्मीद है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के भी समारोह में उपस्थित रहने की संभावना है।

ललित बेरिवाला ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं के प्रतीक हैं और ऐसे आयोजन समाज में एकता तथा सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in