राज्यपाल ने चलता बागान दुर्गा पूजा का किया उद्घाटन

इस वर्ष पूजा पंडाल की थीम है ‘निशान—द मार्क’
kolkata
चलता बागान दुर्गा पूजा का उद्घाटन करते राज्यपाल
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने गुरुवार को उत्तर कोलकाता में माणिकतला चलता बागान लोहापट्टी दुर्गा पूजा समिति के 84वें दुर्गा पूजा समारोह का उद्घाटन किया। इस वर्ष पूजा पंडाल की थीम ‘निशान—द मार्क’ रखी गई है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तपस रॉय, जोरासांको के विधायक विजय ओझा, पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी, उद्घाटन समिति के अध्यक्ष शिशिर बजोरिया और उद्योगपति हरि मोहन बांगड़, पूजा समिति के अध्यक्ष संदीप भूतोड़िया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कलाकार अदिति चक्रवर्ती की परिकल्पना पर आधारित यह थीम छत्तीसगढ़ के रामनामी समाज की परंपरा को दर्शाती है। इस समुदाय के लोग 1890 के दशक से अपने शरीर पर भगवान राम का नाम अंकित कर जातिगत भेदभाव के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रतिरोध और आस्था का संदेश देते आए हैं।

प्रस्तुति को ग्रैमी पुरस्कार विजेता एवं पद्म भूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट की विशेष संगीत रचना से सजाया गया है। इसका संदेश ‘अक्षर से आकार’ है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष संदीप भूतोड़िया ने कहा कि रामनामी समाज को राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद इस पूजा के माध्यम से उनकी सांस्कृतिक पहचान और संघर्ष को सम्मानित किया जा रहा है। वर्ष 1943 में स्थापित चलता बागान दुर्गा पूजा को एशियन पेंट्स शारद सम्मान और विश्व बांग्ला शारद सम्मान भी मिल चुके हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in