अभिषेक के कार्यालय वाले भवन में दमकल विभाग ने की फायर ऑडिट

फायर अलार्म समेत कई व्यवस्थाओं की हुई गहन जांच
अभिषेक के कार्यालय वाले भवन में दमकल विभाग ने की फायर ऑडिट
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कैमेक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाले भवन में सोमवार को दमकल विभाग के अधिकारियों ने ‘फायर ऑडिट’ किया। दमकल अधिकारियों के साथ शेक्सपियर सरणी थाना की पुलिस भी मौजूद थी। दमकल विभाग के मुताबिक, बिल्डिंग में अग्निशमन व्यवस्था नियमों के अनुरूप है या नहीं और कहीं कोई खामी या अनियमितता तो नहीं है, इसकी जांच की गई। गौरतलब है कि सोमवार की दोपहर दमकल अधिकारियों की टीम पुलिस के साथ 9, कैमेक स्ट्रीट स्थित उक्त बिल्डिंग पहुंची। दमकल अधिकारियों ने सबसे पहले बिल्डिंग के बाहरी हिस्से का निरीक्षण किया। इसके बाद वे भवन की सभी मंजिलों पर गए और वहां मौजूद अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। बिल्डिंग की सातवीं और आठवीं मंजिल पर अभिषेक बनर्जी का कार्यालय है। दमकल अधिकारियों ने इन दोनों मंजिलों का भी निरीक्षण किया और वहां लगे फायर अलार्म की जांच की। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह भी देखा गया कि बिल्डिंग का निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुसार हुआ है या बाद में नक्शे के बाहर कोई निर्माण अथवा बदलाव किया गया है। निरीक्षण के दौरान बिल्डिंग के बाहर बने एक शेड को लेकर भी दमकल अधिकारियों ने आपत्ति जताई। इसके बाद टीम बिल्डिंग के बेसमेंट में पहुंची, जहां पार्किंग की व्यवस्था थी। वहां अग्निशमन व्यवस्था, पानी की आपूर्ति और आग बुझाने के लिए लगाए गए पंप की भी जांच की गई।

दमकल विभाग के अधिकारी सरोज बाग ने बताया कि यह नियमित ‘फायर ऑडिट’ का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग की सभी मंजिलों पर जाकर अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। यह भी देखा गया कि मौजूदा व्यवस्था स्वीकृत योजना के अनुरूप है या नहीं और अग्निशमन उपकरणों की वैधता अथवा संचालन अवधि समाप्त तो नहीं हुई है। दमकल सूत्रों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां सामने आई हैं। सरोज बाग ने बताया कि दस्तावेजों और मौके पर मौजूद व्यवस्था का मिलान करने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस के जरिए जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभिषेक बनर्जी के कार्यालय वाली मंजिल पर फायर अलार्म ने काम नहीं किया। दमकल अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था का भी परीक्षण किया। बिल्डिंग में नीचे से पानी की बौछार के जरिए आग बुझाने की व्यवस्था है। टीम ने जांच की कि बेसमेंट से पानी दिए जाने पर वह कितनी ऊंचाई तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।

केएमसी की कार्रवाई के बाद दमकल का निरीक्षण

गौरतलब है कि दमकल विभाग का यह निरीक्षण ऐसे समय हुआ है जब पिछले सप्ताह कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने कैमेक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से एक बिलबोर्ड हटाने की कोशिश की थी। केएमसी अधिकारियों के साथ पुलिस भी मौजूद थी। केएमसी सूत्रों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के नाम वाला यह बिलबोर्ड कथित तौर पर अवैध तरीके से लगाया गया था और खतरनाक स्थिति में लटक रहा था। इसे हटाने पहुंची टीम के काम में कथित तौर पर अभिषेक बनर्जी और उनके समर्थकों द्वारा बाधा डालने के आरोप लगे थे। इसी बीच कैमेक स्ट्रीट स्थित उसी भवन में पुलिस के साथ दमकल अधिकारियों के पहुंचने से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि दमकल विभाग ने इसे किसी शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई के बजाय नियमित फायर ऑडिट बताया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in