जिला खाद्य विभाग ने डायमंड हार्बर के कई होटलों और रेस्तरां में चलाया अभियान

डायमंड हार्बर थाने की सांकेतिक तस्वीर
डायमंड हार्बर थाने की सांकेतिक तस्वीर
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर: दक्षिण 24 परगना जिला खाद्य विभाग, डायमंड हार्बर नगर पालिका और डायमंड हार्बर थाना द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान डायमंड हार्बर शहर के नतून पोल से लेकर जेटी घाट तक स्थित विभिन्न होटलों और रेस्तरां में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए आयोजित किया गया। अभियान के दौरान कई होटलों और रेस्तरां में फूड सेफ्टी लाइसेंस नहीं पाए गए। साथ ही, रसोई और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले क्षेत्रों की स्वच्छता स्थिति भी अत्यंत खराब पाई गई। फ्रीज में रखे गए मांस और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि वह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक सिद्ध हो सकती थी। भारी मात्रा में बासी मांस भी बरामद किया गया, जिसे तुरंत नष्ट किया गया। डायमंड हार्बर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी जयदीप मंडल ने बताया कि यह अभियान दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। जांच के दौरान मिली रिपोर्टों में अधिकांश खाद्य पदार्थ अमानक स्तर के पाए गए हैं। जिला खाद्य विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि सभी होटल और रेस्तरां संचालकों को सात दिनों के भीतर खाद्य गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय में सुधार नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डायमंड हार्बर थाना के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भले ही इस बारे में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन पूजा के दौरान लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया।

जनता की सेहत से नहीं होगा समझौता, अब मिठाई की दुकानों में भी चलेगा जांच अभियान

डायमंड हार्बर पालिका के चेयरमैन प्रणव दास ने बताया कि यह अभियान सिर्फ होटल और रेस्तरां तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अगले चरण में मिठाई की दुकानों में भी खाद्य गुणवत्ता की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in