

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा इस बार पिछली सभी नाकामियों को पीछे छोड़ते हुए पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गई है। राज्य की कमान संभालने के बाद यह चुनाव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं माना जा रहा है। संगठन को चुनावी मोड में लाने और जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से शमीक भट्टाचार्य ने मंगलवार को भाजपा के सात प्रमुख मोर्चों के इंचार्ज पदों पर अनुभवी नेताओं की नियुक्ति की है। इस रणनीतिक बदलाव के तहत भाजपा ने राज्य के सभी प्रमुख मोर्चों की जिम्मेदारी अनुभवी और शीर्ष स्तर के नेताओं को सौंपी है। पूर्व स्टार सांसद और पार्टी की स्टेट जनरल सेक्रेटरी लॉकेट चटर्जी को महिला मोर्चा का इंचार्ज बनाया गया है। लॉकेट चटर्जी इससे पहले महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वहीं, सौमित्र खान को युवा मोर्चा का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। पार्टी के स्टेट जनरल सेक्रेटरी ज्योतिर्मय सिंह महतो को एससी मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वरिष्ठ नेता अमिताभ रॉय को माइनॉरिटी मोर्चा, बापी गोस्वामी को किसान मोर्चा, अजीत दास को ओबीसी मोर्चा और खुदीराम टुडू को एसटी मोर्चा का इंचार्ज बनाया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में घोषित नई स्टेट कमेटी में भी शमीक भट्टाचार्य ने पुराने और मूल नेताओं पर भरोसा जताया था। हालांकि, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को अब तक किसी नई जिम्मेदारी में शामिल नहीं किया गया है।