रिसाइकिल अखबारों से बना बागुईआटी रेल पोखर यूनाइटेड क्लब का पूजा पंडाल

‘कोलाज’ थीम बनी आकर्षण
Kolkata
रिसाइकिल अखबारों से बना पूजा पंडाल
Published on: 

कोलकाता : बागुईआटी रेल पोखर यूनाइटेड क्लब ने अपनी 73वीं दुर्गापूजा का शुभारंभ अनूठी ‘कोलाज’ थीम वाले पंडाल के उद्घाटन के साथ किया। पंडाल की परिकल्पना कलाकार सोमनाथ तमली ने की है। इसका उद्घाटन पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और विधायक तरुणज्योति तिवारी सहित कई गणमान्य लोगों ने किया।

हजारों किलो रिसाइकिल अखबारों से तैयार कलाकृति

‘कोलाज’ थीम के तहत हजारों किलो पुराने अखबारों को रचनात्मक ढंग से इस्तेमाल कर पंडाल तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विभिन्न विचारों, सामग्रियों और सांस्कृतिक तत्वों को जोड़कर एक सार्थक कलाकृति प्रस्तुत करना है। पंडाल में पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण का संदेश भी दिया गया है।

मां दुर्गा की पौराणिक कथा और महापुरुषों को समर्पित

पंडाल की अवधारणा मां दुर्गा की उस पौराणिक कथा से प्रेरित है, जिसमें विभिन्न देवताओं की सामूहिक शक्ति से देवी का दिव्य स्वरूप प्रकट हुआ था। इसमें रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सत्यजीत राय, सत्येंद्रनाथ बोस, मातंगिनी हाजरा, ईश्वरचंद्र विद्यासागर और स्वामी विवेकानंद जैसी विभूतियों के योगदान को भी दर्शाया गया है।

अखबार वितरण की पुरानी परंपरा की झलक

पंडाल में अखबारों के बंडल और साइकिल से अखबार पहुंचाने की पारंपरिक व्यवस्था को भी दर्शाया गया है। इससे प्रिंट पत्रकारिता से डिजिटल समाचार माध्यमों तक हुए बदलाव को समझने का अवसर मिलता है।

क्लब के पूजा सचिव पिंटू भट्टाचार्य ने कहा कि ‘कोलाज’ विविधता, सामूहिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। क्लब की 73वीं दुर्गापूजा में यह थीम एकता, पर्यावरण संरक्षण और बदलते समय की कहानी प्रस्तुत कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in