कोलकाता में शुरू हुआ तीसरा फेस्ट5 इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

80 देशों से मिलीं 647 फिल्में, 20 से 24 नवंबर तक चलेगा पांच दिवसीय आयोजन; फ्रांस, केन्या और मंगोलिया के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
Kolkata
‘यूथ एंड ग्रीन’ थीम पर दुनिया की 36 फिल्मों का होगा प्रदर्शन
Published on: 

कोलकाता : कोलकाता में गुरुवार, 20 नवंबर को तीसरे फेस्ट5 इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (F5IFF 2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। साल्टलेक सेक्टर-5 स्थित एंथ्रोपोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (AnSI) ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह के साथ पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत हुई। 20 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन की थीम ‘यूथ एंड ग्रीन’ रखी गई है। इसमें युवा प्रतिभाओं, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सांस्कृतिक विविधता को विशेष महत्व दिया गया है।

उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री मौबानी सरकार, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की सलाहकार गौरी बसु, AnSI के निदेशक प्रो. बी.वी. शर्मा, टेक्नो इंडिया ग्रुप की सह-अध्यक्ष प्रो. मानोशी रॉयचौधरी, पर्यावरण कार्यकर्ता पूनम जाजू और फेस्टिवल के निदेशक सौरव डे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

80 देशों की 647 फिल्मों में से चुनी गईं 36 फिल्में

इस वर्ष महोत्सव को दुनियाभर के फिल्मकारों से 647 फिल्में प्राप्त हुईं, जो करीब 80 देशों से भेजी गई थीं। इनमें से 36 फिल्मों का चयन किया गया है। प्रदर्शित होने वाली फिल्मों में पर्यावरणीय डॉक्यूमेंट्री, फीचर फिल्में, शॉर्ट फिल्में, मानवशास्त्रीय और छात्र फिल्मों को शामिल किया गया है।

फेस्टिवल निदेशक सौरव डे ने कहा कि ‘यूथ एंड ग्रीन’ थीम के जरिए युवा फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

फ्रांस होगा फोकस कंट्री, युवाओं की फिल्म भी आकर्षण

महोत्सव में फ्रांस को फोकस कंट्री बनाया गया है। 21 नवंबर को ‘डे विद फ्रांस’ के तहत फ्रांसीसी फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसमें फिल्मकार एवं शिक्षाविद प्रो. बेनोआ राउल की भागीदारी रहेगी। केन्या के वरिष्ठ मासाई सांस्कृतिक प्रमुख डैनियल एनकोइटोई ओले किपिलोश और मंगोलिया का फिल्म प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।

उद्घाटन दिवस पर सात मिनट की डॉक्यूमेंट्री ‘लाइफ नियर द कैनाल’ प्रदर्शित की गई। इसे हावड़ा के LP4Y के सहयोग से युवा प्रतिभाओं जारा हयात खान, तनिशा खातून और एसके रुक्सा ने बनाया है। 24 नवंबर को पुरस्कार समारोह में सत्यजीत रे स्टूडेंट फिल्म अवॉर्ड भी प्रदान किया जाएगा। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क है, लेकिन इसके लिए पहले से ऑडियंस पास का पंजीकरण अनिवार्य है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News