प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता/ नई दिल्ली : भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर राजनीति में कदम रख दिया। नयी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्टी नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा जॉइन की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजुमदार और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह उपस्थित रहे।
डॉ. सुकांत मजुमदार ने पेस का स्वागत करते हुए इसे पश्चिम बंगाल और देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने पेस को “बंगाल का सपूत” बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार करियर से युवाओं को लगातार प्रेरित किया है। उनके अनुसार, पेस का भाजपा में शामिल होना राज्य में पार्टी के लिए एक अहम मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं, किरण रिजिजू ने कहा कि अपने खेल जीवन के दौरान पेस युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा रहे हैं और आज भी वे खेल व सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पेस अब सार्वजनिक जीवन और राजनीति में भी “बड़ी पारी” खेलने जा रहे हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है और यह राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भारत में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करना और युवा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर सृजित करना होगा। भारत के भविष्य के लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब भारत ओलंपिक की मेजबानी करेगा, तब देश को और बेहतर प्रदर्शन करना होगा और इस दिशा में वे सामूहिक प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान टोक्यो ओलंपिक में खिलाड़ियों को दिए गए केंद्र सरकार के समर्थन का उल्लेख करते हुए सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि लिएंडर पेस को तृणमूल कांग्रेस द्वारा बाहरी बताया गया था जिसके जवाब में लिएंडर पेस ने कहा कि उनके परिवार का कोलकाता से नाता है। वह स्वयं कोलकाता से टेनिस खेलते रहे हैं। उनका टेनिस करियर कोलकाता में ही परवान चढ़ा है।