

विधाननगर : लेक टाउन थाना क्षेत्र के बांगुर एवेन्यू में एक व्यापारी के घर में सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। आरोप है कि चोरों ने घर में नींद की दवा स्प्रे कर 35 से 40 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखी झालमुरी खाते हुए वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर
पीड़ित व्यवसायी नरेश अग्रवाल के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच सभी लोग सो गए थे। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे घर की बहू की नींद खुली तो उसने बगल के कमरे में सामान बिखरा देखा। जांच करने पर पता चला कि ससुर के कमरे की अलमारी खुली हुई है और उसमें रखे कीमती सामान गायब हैं। चोरों ने एसी के पास वाली खिड़की और लोहे की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया था। एक सूटकेस से दो सोने की चेन, सोने के सिक्के, कंगन, कई चांदी की थालियां, ठाकुर के तीन सिंहासन सहित अन्य कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली गई।
झालमूड़ी खाकर फरार हुए बदमाश
परिवार का दावा है कि चोरों ने घर में रखी झालमूड़ी भी खाई और आराम से वारदात को अंजाम दिया। घर के मालिक नरेश अग्रवाल रोज रात में एक-दो बार उठते हैं, लेकिन घटना वाली रात उनकी नींद नहीं खुली। कमरे में एक बच्चा भी सो रहा था, वह भी नहीं जागा। परिजनों को आशंका है कि संभवतः घर में नींद की दवा स्प्रे की गई होगी। घटना की सूचना मिलते ही लेक टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।