बारुईपुर में करंट लगने से किशोर की दर्दनाक मौत

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बारुईपुर : दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर थाना अंतर्गत कोविंदपुर इलाके में करंट लगने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बच्चू मंडल (16) के रूप में हुई है, जो कुलतली थाना क्षेत्र के नलगड़ा इलाके का निवासी था। बताया जा रहा है कि बच्चू कुछ समय से कोविंदपुर इलाके की एक मिठाई की दुकान में काम कर रहा था और दुकान के मालिक के घर पर ही रह रहा था। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम बच्चू दुकान मालिक के घर की छत पर खड़ा होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान वह अचानक संतुलन खो बैठा और छत से नीचे गिर पड़ा। गिरने के क्रम में वह एक खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के तुरंत बाद आस-पास के लोग दौड़े आए और बच्चू को बारुईपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चू की मौत से परिजन और जानने वाले लोग सदमे में हैं। परिजनों को रो रो कर बुरा हाल है। सूत्रों का कहना है कि दुकान मालिक के घर की छत पर सुरक्षा के उचित इंतज़ाम नहीं थे और बिजली के तार खुले पड़े थे। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। बच्चू की असमय मौत ने न केवल उसके परिवार को बल्कि पूरे इलाके को गहरे दुख में डाल दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in