

कोलकाता : सरसुना थाना इलाके में एक स्कूली छात्रा को चॉकलेट में नशीला पदार्थ खिलाकर कार में उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस घिनौनी साजिश में पीड़िता की ही एक सहपाठी शामिल थी। घटना के बाद आरोपित लगातार पीड़िता को दुष्कर्म का वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसके कारण सहमी हुई छात्रा करीब एक महीने तक चुप रही। आखिरकार परिजनों के सामने मामला आने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहेली ने जाल में फंसाया, कार में दी ड्रग्स मिली चॉकलेट
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात करीब एक महीना पहले की है। पीड़िता अपनी ही क्लास में पढ़ने वाली एक सहेली के जरिए मुख्य आरोपित लड़के के संपर्क में आयी थी। घटना के दिन स्कूल खत्म होने के बाद पीड़िता को बाहर घूमने का लालच दिया गया। योजना के मुताबिक, मुख्य आरोपित पहले से ही स्कूल से कुछ दूरी पर एक कार लेकर तैयार था, जिसे कोई दूसरा युवक चला रहा था। परिजनों का आरोप है कि जैसे ही पीड़िता कार में बैठी, उसकी सहेली और आरोपित लड़के ने उसे खाने के लिए चॉकलेट दी। आरोप है कि उस चॉकलेट में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। चॉकलेट खाते ही जब पीड़िता अर्धबेहोशी की हालत में आ गई, तो आरोपित उसे एक सुनसान जगह पर ले गए। वहाँ देर रात तक पीड़िता के साथ दरिंदगी और उसका यौन शोषण किया गया। अभियुक्तों ने इस पूरी वारदात का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। देर रात आरोपित उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गये।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उत्पीड़न
सरसुना थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अगले ही दिन से पीड़िता की सहपाठी ने उसे वीडियो क्लिप दिखाकर ब्लैकमेल करना और धमकाना शुरू कर दिया। उसे धमकी दी गई कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाएगा। स्कूल के भीतर और बाहर लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के कारण छात्रा बुरी तरह टूट गई। इस खौफनाक घटना के बाद से छात्रा गहरे सदमे में थी। उसने घर में बातचीत बंद कर दी थी और हर समय डरी-सहमी रहती थी। पढ़ाई में पिछड़ने और अचानक रोने लगने के कारण माता-पिता को उस पर गंभीर शक हुआ। काफी पूछने और दुलारने पर छात्रा फूट-फूट कर रो पड़ी और अपनी आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद उसकी मां ने सरसुना थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर अभियुक्तों की तलाश कर रही है।