चोरी का विरोध करने पर टैक्सी ड्राइवर पर जानलेवा हमला

गिरीश पार्क थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : महानगर में चोरी का विरोध करने पर एक वृद्ध टैक्सी ड्राइवर पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि लुटेरों ने बुजुर्ग को इस कदर पीटा कि वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना गिरीश पार्क थानांतर्गत ठाकुरदास चक्रवर्ती लेन और सी.आर. एवेन्यू क्रॉसिंग की है। घायल टैक्सी ड्राइवर का नाम राम उद्गार चौधरी है। फिलहाल पीड़ित चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनसार पीड़ित टैक्सी ड्राइवर राम उद्गार चौधरी (68 वर्ष) गरियाहाट के डोवर टेरेस के रहने वाले हैं। रोज की तरह बीते 14 जून 2026 की सुबह करीब 4 बजे वह अपनी टैक्सी लेकर निकले थे। सियालदह कोर्ट के सामने सवारी छोड़ने के बाद वे अपनी टैक्सी को ठाकुरदास चक्रवर्ती लेन और सी.आर. एवेन्यू के निकट खड़ा कर पैसेंजर का इंतजार करने लगे। इस दौरान उन्हें हल्की झपकी आ गई। पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे अचानक उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि चार अज्ञात युवक उनकी टैक्सी के अंदर घुसकर कुछ ढूंढ रहे थे और छेड़छाड़ कर रहे थे। जब बुजुर्ग चालक ने इसका कड़ा विरोध किया और उनसे पूछताछ करनी चाही, तो बदमाश भड़क गए।

विरोध करने पर चारों बदमाशों ने बुजुर्ग राम उद्गार चौधरी पर हमला बोल दिया। उन्होंने बुजुर्ग को बेरहमी से थप्पड़, घूंसे और लातों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपनी टैक्सी लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह अपने घर लौट आए। लेकिन घर पहुंचने पर उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत स्थानीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in