

कोलकाता : ‘अभया’ के बाद अब कालीगंज की मृत छात्रा तमन्ना की मां सबीना यास्मीन ने मंगलवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर बेटी के लिए न्याय की मांग की। 23 जून 2025 को कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे वाले दिन कथित बमबाजी में तमन्ना की मौत हो गई थी। घटना के एक साल बाद भी परिवार न्याय के लिए भटक रहा है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सबीना यास्मीन ने कहा कि पिछली सरकार के समय उनकी बेटी की हत्या की जांच आगे नहीं बढ़ी। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने और मामले को गंभीरता से देखने की मांग की। सबीना के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से देखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, उन्होंने इस संबंध में डीजी को उचित कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान अनीस खान के पिता ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उनके साथ माकपा नेता मीनाक्षी मुखोपाध्याय और विधायक मुस्ताफिजुर रहमान राणा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बाद में कहा कि तमन्ना के परिवार को न्याय मिलेगा और सरकार ऐसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।