जलजमाव के कारण टाला बारोबारी कालीपूजा कमेटी की परेशानी बढ़ी

सतर्क नहीं रहने पर घट सकती थी बड़ी दुर्घटना, विद्युत सेवा प्रभावित होने की आशंका
जलजमाव के कारण टाला बारोबारी कालीपूजा कमेटी की परेशानी बढ़ी
Published on: 

कोलकाता : टाला बारोबारी कालीपूजा के 98वें वर्ष के आयोजन में सोमवार की सुबह टाला टैंक का फाइप फटने की घटना ने खलल डाल दिया। टाला रेलवे ब्रिज के नीचे पानी की आपूर्ति करने वाला मुख्य पाइप फटने से देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। इलाके की सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। इस अप्रत्याशित घटना ने पूजा कमेटी के आयोजकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दरअसल, सोमवार की सुबह टाला रेलवे ब्रिज के नीचे मुख्य जलापूर्ति पाइप अचानक फट गया। पाइप से निकले पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही देर में बनमाली चटर्जी स्ट्रीट, ऋषि भूषण तालुकदार रोड सहित आसपास के इलाकों में पानी फैल गया। टालाबाड़ी कालीपूजा कमेटी के सचिव शुभाशीष दे ने पानी के तेज बहाव का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था, मानो दार्जिलिंग के किसी जलप्रपात से पानी गिर रहा हो। देखते ही देखते सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। इस घटना का सबसे अधिक असर टाला बारोबारी कालीपूजा के आयोजन पर पड़ा। इस वर्ष पूजा अपने 98वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और इसे लेकर इलाके में विशेष उत्साह था। अमावस्या के कारण 11 बजे मां काली की आरती निर्धारित थी, लेकिन पूजा से जुड़े इलाके में पानी भर जाने के कारण आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। घुटनों तक पानी के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही और आरती संपन्न कराने को लेकर आयोजकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंडाल की बिजली के पानी के संस्पर्क में आने से बड़ी दुर्घटना होने की संभावना हो गई थी। इसके बाद सूचना पाकर सुरक्षा कारणों से CESC की ओर से इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई जिससे हादसा होने से टल गया। वहीं स्थानीय जनजीवन पर अतिरिक्त असर पड़ा। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा संपर्क किए जाने और स्थिति सामान्य होने के प्रयासों के बाद बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई। जलजमाव का असर पूजा के साथ-साथ स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा। इलाके के मिठाई दुकानदार तापस दोलुई ने बताया कि पानी भरने के कारण उनकी दुकानदारी बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल पहले भी इलाके में इसी तरह की समस्या सामने आई थी। वहीं, स्थानीय निवासी अभिषेक भट्टाचार्य ने बताया कि अचानक इतनी बड़ी मात्रा में पानी इलाके में घुसने से लोग घबरा गए थे। फिलहाल, कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारी युद्धस्तर पर पानी निकालने और स्थिति सामान्य करने में जुटे हैं। लेकिन टाला बारोबारी कालीपूजा के 98वें वर्ष के आयोजन के बीच आई इस मुसीबत ने पूजा कमेटी और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। जिस उत्साह के साथ मां काली की आराधना की तैयारियां चल रही थीं, अचानक हुए जलजमाव ने उस उत्सव पर पानी फेर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News