

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कांकुरगाछी स्थित 'स्वर्णमणि' आवास परिसर में मंगलवार सुबह एक भव्य नागरिक अभिनंदन और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 'स्वर्णमणि रेसिडेंट्स' द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मंत्री श्री दिलीप घोष और विधायक श्री तापस राय उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं का स्थानीय नागरिकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सी डब्लू बी टी ए के अध्यक्ष श्री सुशील पोद्दार ने संभाला। उन्होंने अपने प्रभावी संबोधन से कार्यक्रम की रूपरेखा रखी और अतिथियों का स्वागत किया।
'चाय पे चर्चा' में मुखर हुईं जनसमस्याएं
सुबह 7:15 बजे माणिकतला मेन रोड स्थित ज़ाना टावर (स्वर्णमणि, प्रथम तल) में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'चाय पे चर्चा' रहा। बेहद आत्मीय माहौल में हुए इस संवाद के दौरान स्वर्णमणि के निवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न नागरिक और बुनियादी समस्याओं को माननीय मंत्री और विधायक के समक्ष प्रमुखता से रखा।
जल्द निवारण का मिला आश्वासन
नागरिकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुनते हुए माननीय मंत्री श्री दिलीप घोष और विधायक तापस राय ने उपस्थित जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सहूलियत के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
इस गौरवमयी क्षण पर पूरे स्वर्णमणि परिसर के निवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजकों और स्थानीय निवासियों ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।