

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : काकद्वीप में सुंदरवन समुद्री मत्स्यजीवी श्रमिक यूनियन की ओर से एक प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में बड़ी संख्या में मछुआरा परिवारों ने भाग लेकर अपनी नाराजगी और पीड़ा व्यक्त की। सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के सचिव सतीनाथ पात्र ने बताया कि हाल ही में भारतीय सीमा क्षेत्र में एक विदेशी ट्रॉलर द्वारा भारतीय मछुआरों की नाव को टक्कर मार दी गई, जिससे एक भारतीय ट्रॉलर डूब गया। इस दुर्घटना में पांच मछुआरे लापता हो गए थे, जिनमें से अब तक दो मछुआरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन मछुआरे अब भी लापता हैं। सतीनाथ पात्र ने कहा कि समुद्र में मछुआरों की सुरक्षा को लेकर सरकार की लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, मृत और लापता मछुआरों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग भी की गई। सभा में मौजूद मछुआरा परिवारों ने सरकार से समुद्री सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएग|