आईआईएम कलकत्ता में 63वें बैच के सभी 475 विद्यार्थियों का समर प्लेसमेंट

औसत मासिक स्टाइपेंड 1.93 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर
आईआईएम कलकत्ता में 63वें बैच के सभी 475 विद्यार्थियों का समर प्लेसमेंट
Published on: 

156 कंपनियों से मिले 546 ऑफर, छात्र-नेतृत्व वाली प्लेसमेंट प्रक्रिया के तहत हासिल हुई 100 फीसदी सफलता

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता, 27 अक्टूबर: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) कलकत्ता ने अपने दो वर्षीय एमबीए कार्यक्रम के 63वें बैच के समर प्लेसमेंट की प्रक्रिया पूरी कर ली है। संस्थान ने इस बार अब तक का सर्वाधिक औसत मासिक स्टाइपेंड 1.93 लाख रुपये और 2 लाख रुपये का औसत मासिक स्टाइपेंड (मीडियन) दर्ज किया है। बैच के सभी 475 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला। इसके साथ ही संस्थान ने शत-प्रतिशत प्लेसमेंट का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा है।

इस प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान 156 कंपनियों से कुल 546 ऑफर मिले। क्लस्टर-कोहोर्ट प्लेसमेंट प्रणाली लागू होने के बाद क्लस्टर 1 में इस बार सर्वाधिक ऑफर दर्ज किए गए। वहीं, क्लस्टर 3 के दौरान निर्धारित समय से पहले ही प्रक्रिया पूरी हो गई।

कंसल्टिंग क्षेत्र में सबसे अधिक 220 ऑफर

कुल ऑफर में 40.29 फीसदी हिस्सेदारी के साथ कंसल्टिंग क्षेत्र सबसे आगे रहा। इस क्षेत्र में मैनेजमेंट कंसल्टिंग, स्ट्रैटेजी कंसल्टिंग और विशेष सलाहकार सेवाओं से जुड़ी भूमिकाओं के लिए 220 ऑफर मिले। प्रमुख भर्ती करने वाली कंपनियों में एक्सेंचर स्ट्रैटेजी, अल्वारेज एंड मार्सल, बैन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, केर्नी, मैकिन्से एंड कंपनी और रोलैंड बर्जर शामिल रहीं।

फाइनेंस क्षेत्र में 127 ऑफर

आईआईएम कलकत्ता की वित्तीय क्षेत्र में मजबूत पकड़ इस बार भी देखने को मिली। फाइनेंस क्षेत्र में कुल 127 ऑफर मिले, जो कुल ऑफर का 23.26 फीसदी है। इनमें इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, प्राइवेट इक्विटी, वेंचर कैपिटल, मार्केट्स, एसेट एवं वेल्थ मैनेजमेंट और कॉरपोरेट फाइनेंस से जुड़ी भूमिकाएं शामिल थीं। इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में अवेंडस, बैंक ऑफ अमेरिका, गोल्डमैन सैक्स, एचएसबीसी, जेफरीज, जे.पी. मॉर्गन, मोएलिस एंड कंपनी, रोथ्सचाइल्ड एंड कंपनी और यूबीएस शामिल रहीं।

जनरल मैनेजमेंट और मार्केटिंग में 158 ऑफर

जनरल मैनेजमेंट और मार्केटिंग क्षेत्र में कुल 158 ऑफर मिले, जो कुल ऑफर का 28.94 फीसदी है। इन क्षेत्रों में आदित्य बिड़ला ग्रुप, एयरटेल, गोदरेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल), आईटीसी, नेस्ले, प्रॉक्टर एंड गैंबल और टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज जैसी कंपनियों ने हिस्सा लिया।

टेक्नोलॉजी, डिजिटल और प्रोडक्ट मैनेजमेंट से जुड़ी भूमिकाओं के लिए अमेजन, अमेरिकन एक्सप्रेस, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और सेल्सफोर्स जैसी कंपनियां शामिल हुईं।

इस वर्ष प्लेसमेंट प्रक्रिया में 51 ऐसी कंपनियों ने पहली बार भाग लिया, जिनमें एशियन पेंट्स, ग्रिडलाइन्स, एल.ई.के. कंसल्टिंग, लॉरियल, मोंडेलेज इंटरनेशनल, रेन ग्रुप, समारा कैपिटल और यूकेजी प्रमुख हैं।

उद्योग जगत के भरोसे का प्रमाण: निदेशक

आईआईएम कलकत्ता के निदेशक डॉ. आलोक कुमार राय ने कहा, “ये परिणाम आईआईएम कलकत्ता के ब्रांड, हमारे विद्यार्थियों की प्रतिभा और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए पाठ्यक्रम पर कंपनियों के निरंतर भरोसे को दर्शाते हैं। मैं विद्यार्थियों को बधाई देता हूं और हमारे कॉरपोरेट साझेदारों का उनके विश्वास के लिए आभार व्यक्त करता हूं। विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने और उनके पेशेवर करियर की तैयारी में सक्रिय भूमिका निभाने वाले हमारे मजबूत पूर्व छात्र नेटवर्क की भी सराहना की जानी चाहिए।”

संस्थान के प्लेसमेंट चेयरपर्सन प्रो. सुदर्शन कुमार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए प्लेसमेंट एवं तैयारी टीम के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा, “इस उपलब्धि का श्रेय हमारे विद्यार्थियों को जाता है। उनके पेशेवर रवैये, विवेकपूर्ण निर्णयों और समर्पण ने सीमित समय में विद्यार्थियों के हितों और कंपनियों की अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाने में मदद की। पूरी तरह विद्यार्थियों द्वारा संचालित यह प्रक्रिया उन्हें दी गई स्वायत्तता और जिम्मेदारी को दर्शाती है। प्लेसमेंट के पूरे दौर में एक-दूसरे का साथ देने की भावना ने आईआईएम कलकत्ता की सामूहिक एकजुटता को भी प्रदर्शित किया।”

विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

गोल्डमैन सैक्स में ग्लोबल बैंकिंग एंड मार्केट्स, एफआईसीसी एवं इक्विटीज ट्रेडिंग (हांगकांग/सिंगापुर) में इंटर्नशिप हासिल करने वाले वरुण एम. पई ने कहा कि आईआईएम कलकत्ता ने इस प्लेसमेंट सत्र में विभिन्न क्षेत्रों, कार्यक्षेत्रों और भौगोलिक क्षेत्रों में करियर के असाधारण अवसर उपलब्ध कराए।

एचयूएल में सेल्स एंड मार्केटिंग इंटर्नशिप हासिल करने वाली ख्यातिका शाह ने बैच के बीच सहयोग की भावना का उल्लेख करते हुए कहा, “मेरे लिए सबसे खास बात ‘जोका स्पिरिट’ रही, जिसका अर्थ है कि किसी को पीछे नहीं छोड़ना। मेरे दोस्तों ने इंटरव्यू से ठीक पहले देर रात तक मेरे साथ समय बिताया, मेरे लिए नोट्स बनाए और तैयारी में मदद की। हमेशा यह भरोसा रहा कि हम एक बैच के रूप में मिलकर इस दौर से निकल जाएंगे।”

माइक्रोसॉफ्ट में प्रोडक्ट मैनेजमेंट इंटर्नशिप हासिल करने वाली अनुकृति ने कहा कि आईआईएम कलकत्ता के पूरे शैक्षणिक और पेशेवर परिवेश से मिले सामूहिक सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं होती। उन्होंने इस यात्रा में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एल.ई.के. कंसल्टिंग में समर कंसल्टेंट की भूमिका हासिल करने वाली राधिका गरोड़िया ने कहा कि संस्थान ने उन्हें कंसल्टिंग, मार्केटिंग और जनरल मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में करियर के विभिन्न विकल्प तलाशने तथा कई कंपनियों और भूमिकाओं को समझने का अवसर दिया।

संस्थान ने प्लेसमेंट प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहयोग देने के लिए कॉरपोरेट साझेदारों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in