

कोलकाता : केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ने शनिवार को बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब राज्य में विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं, जिससे अटकलों का दौर भी शुरू हो गया। हालांकि, भाजपा नेतृत्व ने इसे पूरी तरह शिष्टाचार भेंट बताया है। सुकांत मजुमदार के साथ भाजपा नेता और अभिनेता रुद्रनील घोष भी दक्षिण कोलकाता स्थित प्रसेनजीत चटर्जी के आवास पर पहुंचे। इस दौरान सुकांत मजुमदार ने प्रसेनजीत को पद्मश्री सम्मान मिलने पर बधाई दी और उन्हें भगवान राम की एक मूर्ति भेंट की। मुलाकात के बाद सुकांत मजुमदार ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि यह भेंट पूरी तरह गैर-राजनीतिक थी। उन्होंने कहा कि हमारी बातचीत मुख्य रूप से सिनेमा और कला से जुड़ी बातों पर केंद्रित रही। हर चीज में राजनीति देखना ठीक नहीं है। शिक्षा और फिल्म इंडस्ट्री को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।