सुकांत मजूमदार ने मंत्री मानस भुइयां पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को फटकारने का आरोप लगाया

एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मंच से कॉलेज प्रशासन और छात्रों को फटकार लगाई।
सुकांत मजूमदार
सुकांत मजूमदारसुकांत मजूमदार
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बुधवार को उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब भाजपा के केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्य के मंत्री मानस भुइयां पर गंभीर आरोप लगाए। मजूमदार ने दावा किया कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबांग सजनिकांत महाविद्यालय में आयोजित नये विद्यार्थियों के स्वागत समारोह के दौरान भुइयां ने प्रोफेसरों और विद्यार्थियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मंच से कॉलेज प्रशासन और छात्रों को फटकार लगाई। उन्होंने एक कथित वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें भुइयां को छात्रों और शिक्षकों को डांटते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, सन्मार्ग इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। मजूमदार ने आरोप लगाया कि भुइयां ने सार्वजनिक रूप से कॉलेज के स्तर पर सवाल उठाए और विद्यार्थियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। भाजपा नेता के अनुसार, जब कुछ छात्र उनका भाषण सुने बिना जलपान के लिए कार्यक्रम स्थल से चले गए, तो मंत्री ने नाराजगी जताई और कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने सवाल उठाया कि युवा छात्र-छात्राओं को इस तरह सार्वजनिक रूप से कैसे धमकाया जा सकता है। इस मुद्दे पर भाजपा ने मुख्यमंत्री को भी घेरा है। मजूमदार ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। वहीं, सजनिकांत महाविद्यालय के एक संकाय सदस्य ने कहा कि मानस भुइयां ने विद्यार्थियों के संरक्षक और एक शुभचिंतक के रूप में बात की थी। उनके अनुसार, इस मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। फिलहाल, इन आरोपों पर मानस भुइयां या तृणमूल कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in