सुभाषग्राम मित्र परिषद का सातवां सम्मेलन संपन्न

31 सदस्यीय कमेटी गठित
सम्मेलन के दौरान ली गई तस्वीर
सम्मेलन के दौरान ली गई tasvir
Published on: 

दक्षिण 24 परगना :  सुभाषग्राम स्थित विवेकानंद विद्यानिकेतन में सुभाषग्राम मित्र परिषद का सातवां सम्मेलन एवं निर्वाचन संपन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत परिषद के झंडारोहण के साथ हुई। स्थानीय समाजसेवी एवं परिषद के वरिष्ठ सदस्य लाल बहादुर चौधरी ने झंडा फहराया।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए परिषद के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि मित्र परिषद का मूल उद्देश्य देशप्रेम, शांति और प्रगति को लक्ष्य बनाकर परोपकार को सर्वोच्च धर्म मानते हुए समाजसेवा करना तथा अपनी संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि परिषद आगे भी इसी उद्देश्य के साथ कार्य करती रहेगी।
सम्मेलन में क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सुभाषग्राम से सियालदह, डलहौसी होते हुए हावड़ा तक बस सेवा शुरू करने की मांग प्रमुख रही। परिषद के अनुसार, इस मांग को वर्ष 2012 से उठाया जा रहा है।

इसके अलावा बरूईपुर से सियालदह के बीच 12 बोगी के स्थान पर 16 बोगी की लोकल ट्रेन तत्काल चलाने की मांग भी उठाई गई। परिषद ने बताया कि वर्ष 2015 से इस संबंध में मांग की जा रही थी। सम्मेलन में कहा गया कि रेल मंत्री की ओर से 16 बोगी की लोकल ट्रेन चलाने की घोषणा की जा चुकी है।

सतकरी बंग (हिंदी) एफ.पी. स्कूल को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। परिषद के अनुसार, उसके आंदोलन और प्रयासों के बाद वर्ष 2013 में स्कूल को सरकार से अनुमति मिली थी और 2017 से इसका संचालन शुरू हुआ था। हालांकि, कोरोना काल के दौरान स्कूल बंद हो गया। सम्मेलन में स्कूल को पुनः चालू कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आह्वान किया गया।

सम्मेलन में परिषद के महासचिव अनिल कुमार मिश्रा ने सांगठनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन एवं विभिन्न प्रस्तावों पर पूर्व महासचिव गंगा प्रसाद पांडे, पूर्व कोषाध्यक्ष मंटु प्रसाद यादव, विनोद दास, शिलम साह, लक्ष्मी प्रसाद, राजकुमार साह, सुमित कुमार सिंह, उमेश साह, कौशल्या देवी, सिमरन प्रसाद, अनिल पांडे, सिकंदर प्रसाद, गोपाल साह और मीना साव सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

इस अवसर पर परिषद के शिक्षा विभाग के पूर्व अधिकारी सुब्रतो गायेन, यादवपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कर्मचारी मानिक लाल साहा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता विवेकानंद विद्यानिकेतन के सचिव एवं शिक्षाविद् समीर कुमार मंडल ने की।

सम्मेलन के अंतिम चरण में परिषद के संस्थापक की देखरेख में अगले तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अनिल कुमार मिश्रा को अध्यक्ष और राज कुमार साह को महासचिव चुना गया। कुल 31 सदस्यों वाली नई कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in