झंडा जलाने पर जादवपुर में 'छात्र परिषद' का प्रदर्शन

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में छात्र परिषद का झंडा जलाये जाने के आरोप को लेकर शुक्रवार को पश्चिम बंगाल राज्य छात्र परिषद ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के 4 नंबर गेट के सामने प्रदर्शन कर घटना के खिलाफ रोष जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में छात्र परिषद के झंडे और प्लेकार्ड थे। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गयी। संगठन का कहना है कि शिक्षण संस्थान में किसी राजनीतिक संगठन का झंडा जलाना लोकतांत्रिक माहौल के लिए बेहद निंदनीय है। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र परिषद की प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका चौधरी ने किया।

प्रदर्शन के बाद छात्र परिषद के प्रतिनिधि जुलूस के साथ जादवपुर थाने पहुंचे और घटना को लेकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रियंका चौधरी ने कहा कि छात्र परिषद शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसके नाम पर हिंसा या किसी संगठन का झंडा जलाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण वातावरण, छात्रों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in