फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
स्टेनो की नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी
बांसद्रोणी थाने में दर्ज हुआ मामला
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
हाईकोर्ट में स्टेनो के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 2.20 लाख रुपये की ठगी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में संदीप रायवालिया (41) ने बांसद्रोणी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपी ने खुद को कलकत्ता हाईकोर्ट का स्टेनो बताकर तीन जजों के फर्जी हस्ताक्षर वाले फर्जी दस्तावेज तैयार किए और पीड़ितों से लाखों रुपये ऐंठ लिए।
हाईकोर्ट के जजों की सिफारिश और फर्जी लिस्ट का दिया झांसा
शिकायतकर्ता के अनुसार, जून 2026 के पहले सप्ताह में वह एक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने खुद को हाईकोर्ट का स्टेनो बताया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी जजों से अच्छी पहचान है और वह जजों की विशेष सिफारिश पर उनके भाई राकेश कुमार राय और भतीजे साहिल राज को हाईकोर्ट या किसी अन्य अदालत में स्टेनो की नौकरी दिलवा सकता है। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित पक्ष प्रति उम्मीदवार 2 लाख रुपये देने पर सहमत हो गया।
किस्तों में लिए पैसे, जारी की फर्जी चयन सूची
पीड़ित ने जून 2026 के दौरान नकद और आईसीआईसीआई बैंक के जरिए विभिन्न किस्तों में कुल 2.20 लाख रुपये का भुगतान किया। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने 25 जून 2026 को एक कथित चयनित उम्मीदवारों की पीडीएफ सूची भेजी, जिसमें पीड़ित के भाई और भतीजे का नाम क्रमांक 51 और 52 पर दर्ज था। जब पीड़ित ने नौकरी की स्थिति के बारे में पूछताछ शुरू की, तो पता चला कि आरोपी के घर पर अन्य लोग भी अपने पैसे मांगने पहुंच रहे थे। आरोपी ने दबाव में आकर एक चेक दिया, जो बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके साथियों ने फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जी डिजिटल दस्तावेज तैयार किए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

