न्यू अलीपुर में नेताजी की प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा!

पुलिस ने शुरू की जांच
न्यू अलीपुर में टूटा हुआ नेताजी की मूर्ति का हाथ
न्यू अलीपुर में टूटा हुआ नेताजी की मूर्ति का हाथ
Published on

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 81 के बटतला तीन माथा मोड़ पर स्थापित नेताजी की प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा हुआ मिला। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार तक प्रतिमा पूरी तरह ठीक थी। गुरुवार की सुबह लोगों ने देखा कि प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा हुआ है। हालांकि, हाथ किस तरह और किन परिस्थितियों में टूटा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। व घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर किसी ने जानबूझकर नेताजी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। भाजपा नेताओं ने मामले की जांच की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही घटना की जानकारी पार्टी के राज्य नेतृत्व को देने की भी बात कही गई है। भाजपा समर्थकों ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही गई थी। ऐसे में नेताजी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना चिंताजनक है। भाजपा नेताओं ने पुलिस से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर यह पता लगाया जाए कि प्रतिमा का हाथ किन परिस्थितियों में टूटा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के साथ घटना के पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसका भी पता लगाया जाए। वहीं, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्राथमिक जांच के दौरान घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस के अनुसार स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि तीन महीने पहले ही मूर्ति का हाथ टूट गया था।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in