

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन नीरज कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दुर्गा पूजा से पहले राज्य पुलिस में 12,000 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पहले कुछ कानूनी अड़चनें थीं, जिन्हें अब दूर कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड के मुताबिक, प्रश्नपत्र लीक होने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की पहले से जांच की जाती है। राज्यभर में करीब 2,200 से 2,300 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाती है। सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि होने के बाद ही किसी केंद्र को परीक्षा के लिए मंजूरी दी जाती है। परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित परीक्षा सामग्री को जिला कोषागार में जमा कराया जाता है। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में राज्य पुलिस में 12,000 कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इसके बाद भी भर्ती का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। करीब पांच से छह महीने के भीतर 17,143 पदों पर भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की जा सकती है।