

कोलकाता : न्यू टाउन में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सड़क मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी (NKDA) को 5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित करने की मंजूरी दी है। इस फंड से न्यू टाउन के विभिन्न इलाकों की सड़कों के साथ कुछ सड़क किनारे स्थित पार्कों का भी विकास किया जाएगा।
योजना के तहत एक्शन एरिया-2 की स्ट्रीट 628 के 320 मीटर हिस्से को पेवर ब्लॉक से मजबूत किया जाएगा। वहीं, एक्शन एरिया-3 की स्ट्रीट 812 में भी पेवर ब्लॉक बिछाए जाएंगे। एक्शन एरिया-1 की स्ट्रीट 240 और 160 के कुल 1.2 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत बिटुमिनस कंक्रीट से होगी।
इसके अलावा एक्शन एरिया-1 की स्ट्रीट 271, 229, 231, 295, 293, 95, 106, 81, 79, 80, 77 और 142 सहित अन्य सड़कों की भी मरम्मत की जाएगी। इन कार्यों में वेट मिक्स मैकाडम, कंक्रीट पेवर और सेमी-डेंस बिटुमिनस कंक्रीट जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा।
इधर, हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HIDCO) ने सातवें चौराहे से हल्दीराम ब्रिज तक मुख्य सड़क के बारिश से क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, पड़ोसी साल्टलेक में बिधाननगर नगर निगम (BMC) ने दुर्गापूजा से पहले कई सड़कों की मरम्मत कराई थी। अब अन्य सड़कों को कंक्रीट में बदलने के लिए भी टेंडर जारी किए गए हैं। इन योजनाओं से न्यू टाउन और आसपास के इलाकों में आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।