अब सरकारी लाइब्रेरी में दी जाएगी SSC की कोचिंग

युवाओं को लाइब्रेरी से जोड़ने के लिए सरकार की नई पहल
File Photo
File Photo
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार राज्य की सभी सार्वजनिक लाइब्रेरी को युवाओं के लिए अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। राज्य के जनशिक्षा प्रसार एवं ग्रंथालय मंत्री गौरी शंकर घोष ने कहा कि अब राज्य की सभी लाइब्रेरी में एसएससी एवं यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि आज की जेन-जी पीढ़ी लाइब्रेरी की अपेक्षा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिक निर्भर हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार लाइब्रेरी की गौरवशाली परंपरा को पुनर्जीवित करने तथा युवाओं को फिर से लाइब्रेरी की ओर आकर्षित करने के लिए कई नई सुविधाएं शुरू करने की योजना बना रही है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के अलावा लाइब्रेरी में ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने में सहायता, अध्ययन संबंधी ट्यूटोरियल सपोर्ट, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी ताजा जानकारी तथा परीक्षा संबंधी अपडेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सरकार का मानना है कि इन सुविधाओं से छात्र-छात्राओं और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को एक ही स्थान पर अध्ययन, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता मिल सकेगी। मंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल लाइब्रेरी को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक ज्ञान एवं करियर मार्गदर्शन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in