SRFTI Campus, Kolkata
SRFTI Campus, Kolkata

SRFTI: कील लगे डंडों से छात्रों पर हमले का आरोप, कैंपस में तनाव

Published on: 

रविवार की घटना के विरोध में पोस्टर लेकर छात्रों ने किया मौन प्रदर्शन

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में रविवार को हुई झड़प के बाद सोमवार को भी तनाव बना रहा। घटना के विरोध में छात्रों ने परिसर में दक्षिणपंथी विचारधारा के विरोध में पोस्टर लेकर मौन प्रदर्शन किया। बीच-बीच में नारे भी लगाए गये।

दूसरी ओर, कुलपति संतोष आजम, विभिन्न विभागों के डीन और शिक्षकों की मौजूदगी में सोमवार की सुबह विशेष बैठक हुई। परिसर में पुलिस की तैनाती रही, जबकि छात्रों की उपस्थिति भी कम रही। एसआरएफटीआई के छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष अनिर्बाण दत्त ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों पर कील लगे डंडों से हमला किया गया। उनके अनुसार, कई छात्र घायल हुए हैं और दो छात्रों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छात्र संघ के सदस्य बासव मल्लिक ने कहा कि इस तरह की हिंसा किसी शिक्षण संस्थान में स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। हालांकि, एबीजीपी की ओर से छात्रों पर कार्यक्रम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप लगाए गये हैं।

रविवार को एसआरएफटीआई के प्रेक्षागृह में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हुआ था। छात्रों के एक वर्ग ने परिसर में बाहरी लोगों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से मारपीट के आरोप लगाए गये।

झड़प के दौरान छात्रों के एक वर्ग पर कार्यक्रम में लगी स्वामी विवेकानंद और भारतमाता की तस्वीरें फाड़ने का भी आरोप लगा। वहीं, छात्रों का आरोप है कि विरोध करने वाले छात्रों और कुछ शिक्षकों के साथ मारपीट की गयी। इस दौरान कई छात्र और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in