सन्मार्ग संवाददाता
गुवाहाटी /कोलकाता : बजट एयरलाइन स्पाइसजेट ने शुक्रवार को कहा कि वह मणिपुर की राजधानी इम्फाल के लिए अपनी पहली उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
स्पाइसजेट के बयान के अनुसार, 10 फरवरी से एयरलाइन कोलकाता, गुवाहाटी और मुंबई से इम्फाल के लिए दैनिक उड़ानें संचालित करेगी। इन मार्गों पर बोइंग 737 विमान का उपयोग किया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि नए रूट्स से पूर्वोत्तर राज्य तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा और यात्रियों को इस क्षेत्र के लिए सहज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे अवकाश और व्यवसायिक यात्रियों दोनों के लिए यात्रा विकल्प बढ़ेंगे।
कोलकाता और गुवाहाटी से यात्रा करने वाले यात्रियों को नॉन-स्टॉप सेवाओं का लाभ मिलेगा, जबकि मुंबई से यात्रा करने वाले यात्रियों को कोलकाता में एक छोटे ठहराव के साथ सिंगल-एयरक्राफ्ट यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे विमान बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
बयान में कहा गया कि यह सेवा मणिपुर के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि राज्य में वर्तमान में हवाई कनेक्टिविटी के सीमित विकल्प हैं। नई दैनिक उड़ानों से स्थानीय निवासियों, छात्रों, चिकित्सा कारणों से यात्रा करने वालों, सरकारी अधिकारियों और व्यापार जगत के लोगों के लिए आवागमन काफी आसान होगा और क्षमता व विकल्पों में बढ़ोतरी होगी।
कोलकाता, गुवाहाटी और मुंबई के साथ सीधे संपर्क के अलावा, ये नई सेवाएं स्पाइसजेट के नेटवर्क के माध्यम से देश के कई अन्य शहरों और कुछ अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी सुविधाजनक कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।
इस मौके पर स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महार्शी ने कहा,
“इम्फाल के लिए हमारी पहली उड़ान की शुरुआत स्पाइसजेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि हम पूर्वोत्तर में अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रहे हैं। इस क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी लंबे समय से हमारी प्राथमिकता रही है और ये नई सेवाएं मणिपुर की यात्रा को देश के प्रमुख महानगरों से और अधिक सुलभ व सुविधाजनक बनाएंगी।”