6 घंटे से अधिक की देरी से रवाना हुई स्पाइसजेट की उड़ान

यात्रियों ने कोलकाता एयरपोर्ट पर किया प्रदर्शन
Kolkata Airport CCU
airport
Published on: 

दो दिनों में दूसरी बार स्पाइसजेट की उड़ान में देरी

एयरपोर्ट अधिकारियों ने डीजीसीए को दी जानकारी

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG648 के छह घंटे से अधिक की देरी से रवाना होने पर गुरुवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बेंगलुरु जाने वाली यह उड़ान सुबह 9.10 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन अंततः दोपहर 3.29 बजे उड़ान भर सकी।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दो दिनों के भीतर स्पाइसजेट की उड़ान में देरी की यह दूसरी घटना है। बुधवार को भी एयरलाइन की एक अन्य उड़ान समय पर रवाना नहीं हो सकी थी। इसके बाद नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट मैनेजर को घेरकर प्रदर्शन किया था।

गुरुवार को भी यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन ने उड़ान में देरी की पूर्व सूचना नहीं दी थी। यात्री निर्धारित समय से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें न तो देरी का स्पष्ट कारण बताया गया और न ही उड़ान के रवाना होने के समय की सही जानकारी दी गई।

यात्रियों का कहना था कि एयरलाइन के ड्यूटी मैनेजर से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन लंबे समय तक व्यस्त रहा और उनकी कॉल का जवाब नहीं मिला। स्टेशन मैनेजर से भी संपर्क नहीं हो सका।

इससे नाराज यात्रियों का एक समूह एयरपोर्ट मैनेजर के कार्यालय के बाहर जमा हो गया और प्रदर्शन करते हुए एयरलाइन से जवाबदेही की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ एयरपोर्ट अधिकारियों ने कथित तौर पर डीजीसीए को स्थिति से अवगत कराया।

एक वरिष्ठ एयरपोर्ट अधिकारी ने कहा कि एयरलाइन की परिचालन संबंधी खामियों के लिए एयरपोर्ट मैनेजर को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। यात्रियों को समय पर जानकारी देना और उनकी शिकायतों का जवाब देना एयरलाइन की जिम्मेदारी है। अधिकारी ने ड्यूटी मोबाइल और स्टेशन मैनेजर की ओर से फोन का जवाब नहीं दिए जाने को भी गंभीर लापरवाही बताया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in