रेड रोड पर रिहर्सल से पहले गार्डरेल से टकरायी कार

मैदान थाना इलाके की घटना
यही कार टकरायी थी रेड रोड पर
यही कार टकरायी थी रेड रोड पर
Published on

कोलकाता : शनिवार क़ी सुबह परेड की रिहर्सल शुरू होने से पहले एक तेज रफ्तार लग्जरी कार रेड रोड के किनारे लगी गार्डरेल से जा टकराई। इस घटना ने वर्ष 2016 में परेड के दौरान भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की मौत की दर्दनाक यादें ताजा कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार की सुबह रेड रोड इलाके में कड़ी सुरक्षा के बीच गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल चल रही थी। इसी दौरान एक लग्जरी कार रेड रोड से पार्क स्ट्रीट की ओर तेज गति से जाने की कोशिश करने लगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति और बढ़ा दी और भागने की कोशिश की।

इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे लगी गार्डरेल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गयी, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त की गई कार का बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र दोनों की अवधि समाप्त हो चुकी थी। आरोप है कि वाहन बिना वैध दस्तावेज के चलाया जा रहा था। युवक को शनिवार को अदालत में पेश करने पर उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वैध कागजात नहीं होने के कारण चालक ने भागने की कोशिश की थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इस घटना के बाद परेड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर से गंभीर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि 13 जनवरी 2016 को भी रेड रोड पर इसी तरह की घटना घटी थी। उस समय गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान एक बेकाबू कार बैरिकेड तोड़कर भीतर घुस गई थी, जिसकी चपेट में आने से भारतीय वायुसेना के अधिकारी अभिमन्यु गौड़ की मौत हो गई थी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in