

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारत और इटली के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक संबंधों को नई दिशा देने के उद्देश्य से कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सैटरडे क्लब लिमिटेड के सहयोग से विशेष परिचर्चा का आयोजन किया। ‘इंडिया-इटली इकोनॉमिक पार्टनरशिप’ विषय पर आयोजित इस सत्र में व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं, विशेषकर पश्चिम बंगाल की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में इटली के कौंसुल जनरल Giuliano Fragnito De Giorgio प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भारत और इटली के बीच पारंपरिक मित्रता का उल्लेख करते हुए द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और औद्योगिक साझेदारी को विस्तार देने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार के रूप में पश्चिम बंगाल की रणनीतिक स्थिति को भी महत्वपूर्ण बताया। परिचर्चा में SIMEST के बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर (भारत) Fabrizio Ceccarelli तथा SACE के सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर (भारत एवं दक्षिण एशिया) Martin Biffi ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निर्यात ऋण, निवेश सहायता और वित्तीय जोखिम प्रबंधन की सुविधाओं की जानकारी दी।
कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनंत सहारिया ने कहा कि भारत-इटली सहयोग से पश्चिम बंगाल में निवेश, तकनीकी विकास, औद्योगिक विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। कार्यक्रम में दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच व्यावसायिक संपर्क और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।