

कोलकाता : महानगर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत देते हुए 'आरडीबी नाहर जीटो डे-केयर सेंटर' (RDB Nahar JITO Day Care Centre) ने अपनी पूर्णकालिक स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत कर दी है।
भवानीपुर पोस्ट ऑफिस के पास (12/1, रमेश मित्रा रोड) स्थित इस सेंटर में डायलिसिस और थैलेसीमिया का इलाज एक ही छत के नीचे मिलेगा।
इस सुविधा का उद्घाटन पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर मामलों की माननीय मंत्री अग्निमित्रा पॉल की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।इस केंद्र में मुख्य रूप से तीन समर्पित विंग शामिल हैं— मनस्वी दुगड़ थैलेसीमिया सेंटर, किरण देवी धरम चंद्र पुगलिया डायलिसिस सेंटर और यूको बैंक डायलिसिस सेंटर।
फिलहाल यहाँ 12 डायलिसिस मशीनों की मदद से रोजाना 36 से 38 मरीजों का इलाज हो रहा है, जिसे बढ़ाकर 42 मरीज प्रतिदिन करने और दो नई मशीनें जोड़ने की योजना है। आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए यहाँ डायलिसिस की फीस मात्र ₹200 प्रति सेशन रखी गई है।
जीतो लेडीज विंग एपेक्स की चेयरपर्सन शीतल दुगड़ ने अपनी बेटी मनस्वी के सफर से प्रेरित होकर एक पूरा फ्लोर थैलेसीमिया देखभाल के लिए समर्पित किया है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष विनोद दुगड़, महासचिव भावेन कामदार और संयोजक प्रदीप पटवा भी मौजूद रहे।